खूंटी, 5 अप्रैल: मुरहू थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरहू-बिरबांकी मार्ग पर स्थित केवड़ा पुलिस कैंप और दनाय नाला के बीच शुक्रवार सुबह लगभग 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 17 वर्षीय युवक निकोलस हस्सा पुर्ती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 14 वर्षीय बाइक चालक सादो हस्सा पुर्ती गंभीर रूप से घायल हो गया। सादो को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु रांची स्थित रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उसकी स्थिति भी नाजुक बनी हुई है। बाइक पर सवार तीसरा युवक तुरी हस्सा पुर्ती इस हादसे में बाल-बाल बच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को केवड़ा गांव में सरहुल पर्व मनाया गया था। पूरी रात गांव में नाचा-गाना चलता रहा। शुक्रवार सुबह निकोलस, सादो और तुरी एक ही बाइक पर सवार होकर मुरहू और अड़की की सीमा पर स्थित दनाय नाला में नहाने गए थे। लौटते वक्त बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। सादो बाइक चला रहा था, लेकिन तेज गति के कारण बुकुलसूद मोड़ पर वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल निकोलस और सादो को तत्काल अस्पताल ले जाने के लिए कोई एम्बुलेंस या वाहन उपलब्ध नहीं हो सका। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद अपराह्न एक बजे दोनों को खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इलाज के क्रम में निकोलस ने दम तोड़ दिया, जबकि सादो को गंभीर हालत में रिम्स रेफर कर दिया गया। मृतक निकोलस, एतवा हस्सा पुर्ती का पुत्र था। इस हादसे से गांव में शोक की लहर है।