खूंटी, 4 मई: खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 6 से 9 मई तक पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पटना में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स में झारखंड की रग्बी (बालक वर्ग) टीम आज रांची से रवाना हुई। इस बार झारखंड टीम में खूंटी जिले के छह प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जो जिले के लिए गर्व की बात है।
झारखंड टीम में नामजन मुंडू, अजित नाग, अभय होरो, उत्तम धान, सुशांत बाघवार और अजय पाहन को शामिल किया गया है। टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी अभिषेक टूटी को सौंपी गई है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष खेलो इंडिया यूथ गेम्स में पहली बार रग्बी को शामिल किया गया है। देश की टॉप आठ टीमों का चयन अंडर-18 नैशनल टूर्नामेंट के आधार पर किया गया है। झारखंड की टीम इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाने में सफल रही है, जिसमें खूंटी के खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा है। इसी प्रदर्शन के आधार पर 12 सदस्यीय टीम में से छह खिलाड़ी खूंटी से चयनित किए गए हैं।
इस शानदार उपलब्धि पर झारखंड रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णु जलान, वरीय उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह, उपाध्यक्ष सुरेश कुमार, महासचिव हेजाज असदक और कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता सहित कई खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं और बधाई दी है।