चाईबासा: 12 अप्रैल: छोटानागरा एवं जराईकेला थाना के सीमावर्ती जंगली और पहाड़ी क्षेत्र में आज नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर की गई फायरिंग और आईईडी विस्फोट की घटना में झारखंड जगुआर के घायल आरक्षी सुनील धान वीरगति को प्राप्त हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरक्षा बल नक्सल विरोधी अभियान के तहत क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी नक्सलियों ने उन पर घात लगाकर हमला कर दिया। पहले फायरिंग की गई और फिर एक आईईडी विस्फोट भी किया गया। इसके बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की, लेकिन माओवादी घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
इस हमले में कोबरा 203 बटालियन के एचसी/आरओ विष्णु सैनी और झारखंड जगुआर के आरक्षी सुनील धान गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल हेलीकॉप्टर से उच्चत्तर इलाज के लिए रांची भेजा गया था। इलाज के दौरान आरक्षी सुनील धान ने वीरगति प्राप्त की, जबकि विष्णु सैनी की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
झारखंड पुलिस और अभियान में शामिल सभी संयुक्त बलों ने आरक्षी सुनील धान को श्रद्धांजलि अर्पित की है। झारखंड पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि नक्सल विरोधी अभियान अभी भी जारी है और माओवादियों के खिलाफ कार्रवाई सख्ती से की जा रही है।